लोकNiti

आकाश यादव के मुक़दमे पर भड़के तेज़ प्रताप यादव

  • “यादव था, इसलिए पूछ लिया, बिहार में इसे कोई जानता तक नहीं था” — आकाश यादव पर बरसे तेज़ प्रताप

  • लॉरेंस बिश्नोई से धमकी के आरोपों को बताया फर्जी; कहा- गर्दनीबाग में बैठकर शराब पीता है आकाश, पुलिस करे गिरफ्तार

पटना/लोकनीति ब्यूरो:

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े लाल तेज़ प्रताप यादव एक बार फिर सियासी और कानूनी विवादों के केंद्र में हैं। अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव द्वारा कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद, शुक्रवार को तेज़ प्रताप यादव ने एक आपात प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। मीडिया के सामने बेहद तल्ख तेवरों में नज़र आए तेज़ प्रताप ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आकाश यादव पर ही पलटवार किया और उन्हें कानूनी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

“यादव था, इसलिए पूछ लिया, वरना कोई जानता नहीं था”

गुस्से में लाल तेज़ प्रताप यादव ने आकाश यादव की हैसियत पर सवाल उठाते हुए कहा, “पूरे बिहार में आकाश यादव को कोई पूछता तक नहीं था। वह यादव समाज से आता था, सिर्फ इसी नाते हमने उसे तवज्जो दी और आगे बढ़ाया। आज वही शख्स मनगढ़ंत कहानियां बनाकर मीडिया में बयानबाज़ी कर रहा है कि हम उसके फ्लैट पर जाते थे।” तेज़ प्रताप ने दावा किया कि पब्लिसिटी बटोरने और नेता बनने के चक्कर में यह पूरी साजिश रची जा रही है।

लॉरेंस बिश्नोई से धमकी के आरोपों पर पलटवार

मुकदमे में लगे इस आरोप पर कि तेज़ प्रताप ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी दिलवाई है, उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह फर्जी और हास्यास्पद बात है। लॉरेंस बिश्नोई ने तो पप्पू यादव को भी धमकी दी थी, जो बाद में फर्जी निकली। यह बड़का नेता बना है कि इसे लॉरेंस बिश्नोई धमकी देगा? हो सकता है कि इसने खुद ही पैसे खर्च करके अपने पास कॉल करवाया हो ताकि मुझे फंसाया जा सके।”

“आकाश यादव ने मेरे सेक्रेटरी मोतीलाल के फोन पर मेरे माता-पिता (लालू यादव और राबड़ी देवी) को भद्दी गालियां दी हैं। यह इनकी बहुत बड़ी गलती है। इन लोगों का चार-पांच लड़कों का एक पूरा गैंग है जो गर्दनीबाग और दिनकर गोलंबर के पास बैठता है, शराब पीता है और मेरे खिलाफ प्लानिंग करता है। पुलिस को जाकर इन्हें तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।” – तेज़ प्रताप यादव

“आकाश यादव गंजेड़ी है, छवि खराब करने की हो रही कोशिश”

तेज़ प्रताप ने आकाश यादव की व्यक्तिगत आदतों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘गंजेड़ी’ और ‘नशेड़ी’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए यह सब किया जा रहा है, लेकिन उनके पास इसके खिलाफ पुख्ता सबूत हैं जो सही समय आने पर सामने लाए जाएंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि बख्तियारपुर में आकाश की काफी ज़मीन है, फिर भी जब वह 5-10 लाख रुपये मांगता था, तो वे मदद कर देते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संकट के समय उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव भी उनके साथ मजबूती से खड़े होंगे।

सुप्रीम कोर्ट से भेजा नोटिस, करेंगे मानहानि का केस

बाथरूम विवाद और घर में ज़बरन घुसने के आरोपों पर तेज़ प्रताप ने कहा, “क्या मेरे अपने घर में बाथरूम नहीं है जो मैं उसके फ्लैट में जाऊंगा? यह सब बकवास है।” उन्होंने जानकारी दी कि माता-पिता को गाली देने के मामले में वे 7 तारीख को ही सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से लीगल नोटिस भिजवा चुके हैं और अब इस झूठे मुकदमे के खिलाफ वे आकाश यादव पर बहुत जल्द एक बड़ा मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने अदालत में तेज़ प्रताप यादव के खिलाफ एक याचिका दायर की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि जब तेज़ प्रताप राजस्थान में थे, तब वे उनके घर पहुँचे थे। जब माँ और बहन ने दरवाज़ा नहीं खोला, तो वे ज़बरन उनकी भांजी उज्जैनी को देखने के बहाने घर में घुस गए और धमकी दी कि ‘तुम्हारी भांजी को उठवा लेंगे’। इसके साथ ही आकाश ने खुद को जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है, जिसे तेज़ प्रताप यादव ने पूरी तरह राजनीतिक और व्यक्तिगत साजिश करार दिया है।

#TejPratapYadav #AakashYadav #PatnaNews #BiharPolitics #LaluPrasadYadav #TejashwiYadav #LoknitiNews #CrimeAlertBihar

More News

Scroll to Top